बागवानों को फसलों के नुकसान की सताने लगी चिंता
संवाद न्यूज एजेंसी
कोटखाई (रोहड़ू)। कोटखाई, गुम्मा और बाघी क्षेत्र में बिना किसी पूर्व सूचना के बार-बार बिजली गुल होने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि दिन में कई बार बिजली बाधित हो रही है, जिससे दैनिक कार्यों पर असर पड़ रहा है। बिजली संकट का सबसे ज्यादा असर क्षेत्र के बागवानों पर देखने को मिल रहा है। इस समय सेब समेत अन्य फसलों पर स्प्रे का कार्य जोरों पर है। बिजली न होने के कारण स्प्रे मशीनें नहीं चल पा रहीं हैं। इससे बागवानों को फसलों के नुकसान की चिंता सताने लगी है। यदि समय पर स्प्रे नहीं हो पाया, तो उत्पादन पर इसका नकारात्मक प्रभाव पड़ सकता है। गुम्मा और कोटखाई बाजार के कारोबारियों को भी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। बार-बार बिजली कट से दुकानों में कामकाज प्रभावित हो रहे हैं। खासकर, वे दुकानें जो बिजली पर निर्भर हैं, उनका काम पूरी तरह ठप हो रहा है। इससे व्यापार पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है। तहसील मुख्यालय में भी स्थिति गंभीर बनी हुई है। दूरदराज के क्षेत्रों से अपने काम करवाने आने वाले लोगों को बिजली न होने के कारण दफ्तरों में घंटों इंतजार करना पड़ रहा है। कई मामलों में लोगों को बिना काम करवाए ही वापस लौटना पड़ रहा है, जिससे आम जनता में रोष बढ़ता जा रहा है। स्थानीय लोगों अशोक जस्टा, सुनील चौहान, विशाल भीकटा, राजीव डोटका, ज्ञान ठाकुर, प्रदीप भोलटा, रितेश चौहान, अजय हिमटा, रजनीश चौहान, बिट्टू राजटा, राजपाल और श्याम जस्टा ने आरोप लगाया है कि प्रशासन और सरकार इस गंभीर समस्या को लेकर संवेदनशील नहीं दिख रही है। उनका कहना है कि एक ओर जनता मूलभूत सुविधाओं के लिए संघर्ष कर रही है, वहीं जिम्मेदार प्रतिनिधि इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं। लोगों ने मांग की है कि अघोषित बिजली कट पर तुरंत रोक लगाई जाए और क्षेत्र में बिजली आपूर्ति को नियमित व सुचारु बनाया जाए, ताकि आम जनजीवन सामान्य हो सके।