एक युवक ने नशे में पुलिस थाना और अस्पताल में मचाया उत्पात
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। जिले की पुलिस ने सार्वजनिक शांति भंग करने के आरोप में दो मामलों में कार्रवाई की है। पहले मामले में पुलिस चौकी ज्यूरी को सूचना प्राप्त हुई कि एक युवक अपने परिवार के सदस्यों के साथ हाथापाई कर रहा है। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां वह युवक सार्वजनिक रूप से उत्पात मचाता पाया गया। पुलिस ने युवक को गिरफ्तार कर लिया। मेडिकल जांच करवाने के उपरांत उसे पुलिस हवालात में रखा गया है। दूसरे मामले में एक युवक नशे की हालत में पुलिस थाना सदर शिमला पहुंचा। पुलिस थाना परिसर में मौजूदगी के दौरान उस युवक ने नशे में पुलिस कर्मियों के साथ बहस, अभद्र व्यवहार और शोर-शराबा करना शुरू कर दिया। मेडिकल जांच के लिए उसे अस्पताल भेजा गया। युवक ने अस्पताल परिसर में भी डॉक्टरों, अस्पताल स्टाफ और सुरक्षा कर्मियों के साथ अभद्र व्यवहार किया। पुलिस ने उस युवक को गिरफ्तार कर पुलिस हवालात में बंद किया गया। पुलिस ने आमजन से शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है।