देलठ में शराब ठेके के बाहर रोष जताती महिलाएं। संवाद
एसडीएम से मिलकर ठेका स्थानांतरण की उठाएंगी मांग
चेताया, ठेका न हटा तो भूख हड़ताल और चक्का जाम करेंगे
संवाद न्यूज एजेंसी
ननखड़ी (रामपुर बुशहर)।
ननखड़ी तहसील की देलठ पंचायत में खुले शराब ठेके को लेकर महिलाओं का रोष बढ़ता जा रहा है। मंगलवार को महिला मंडल देलठ के साथ महिला मंडल जेला भी मुख्य बाजार में शराब ठेका खुलने के विरोध में उतर गया। महिलाओं ने शराब ठेके के बाहर विरोध-प्रदर्शन किया। उन्होंने प्रशासन से तुरंत प्रभाव से इस शराब ठेके को दूसरी जगह स्थानांतरित करने की मांग उठाई। महिलाओं ने चेतावनी दी है कि शराब ठेका न हटा तो भूख हड़ताल और चक्का जाम करेंगे। दोनों महिला मंडल के सदस्य बुधवार को एसडीएम रामपुर से मिलेंगे और ठेके को हटाने की मांग करेंगे। देलठ बाजार में खुले ठेके का महिलाएं पिछले तीन दिन से विरोध कर रही हैं। उन्होंने प्राथमिक स्कूल, आंगनबाड़ी केंद्र और बस अड्डे के पास खुले इस ठेके से माहौल बिगड़ने की आशंका जताई है। मंगलवार को महिला मंडल देलठ और जेला की महिलाओं ने बाजार में खुले शराब ठेके के विरोध में प्रदर्शन किया। उन्होंने इस शराब ठेके को दूसरी जगह खोलने की मांग उठाई। महिलाओं ने कहा कि मुख्य मार्ग में शराब ठेका खुलने से बच्चों के भविष्य पर नकारात्मक प्रभाव पड़ेगा और असामाजिक तत्वों का यहां जमावड़ा लगा रहेगा। शराब ठेके के पास शराबियों का जमावड़ा लगा रहेगा और यहां स्कूली छात्राओं, महिलाओं और राहगीरों को परेशानियां पेश आएंगी। उन्होंने कहा कि कई दिन से महिलाएं इस ठेके के खुलने का विरोध जता रही हैं। इसके बावजूद सरकार और प्रशासन इस संबंध में कोई ठोस कार्रवाई नहीं कर रहे। विरोध के बावजूद मुख्य मार्ग में शराब ठेका खुलना यहां का माहौल खराब करने जैसा होगा। उन्होंने इस ठेके के जल्द स्थानांतरण करने की मांग उठाई है। महिला मंडल देलठ की अध्यक्ष रक्षा देवी, सदस्य प्रमिला देवी, सुषमा लोभी, मीना लोभी, हीउ दासी, सेना देवी लोभी देवी, कमलेश, करिश्मा कुमारी, सुनपू, शीलू देवी, हिमी देवी, सविता देवी, रोहिना शर्मा और पदमा देवी ने कहा कि शराब ठेके को हटाने की मांग को लेकर बुधवार को एसडीएम से मिलेंगी। यदि फिर भी ठेका नहीं हटता है, तो वे अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल और चक्का जाम करने से भी नहीं कतराएंगी। चहल पहल भरे इलाके में शराब ठेका खुला तर्कसंगत नहीं है।