पानी पीने के लिए तीमारदारों को झेलनी पड़ रहीं दिक्कतें
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। क्षेत्रीय अस्पताल सोलन में अव्यवस्थाओं के चलते मरीजों और उनके परिजनों की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामले में अस्पताल के मेडिसिन वार्ड के बाहर लगे पानी के दोनों फिल्टर पूरी तरह से खराब हो गए हैं। इस कारण वार्ड में उपचाराधीन मरीजों और उनके साथ आए तीमारदारों को पीने के पानी की एक-एक बूंद के लिए भटकना पड़ रहा है। आपातकालीन स्थिति में भी वार्ड के समीप पानी न मिलने से लोग खासे परेशान हैं। मरीजों के तीमारदारों ने बताया कि वार्ड के पास सुविधा न होने के कारण उन्हें या तो बाजार से महंगी बोतलबंद पानी खरीदनी पड़ रही है, या फिर दूर पर्ची काउंटर के पास लगे नलों तक दौड़ लगानी पड़ रही है। गंभीर मरीजों को छोड़कर पानी लाने के लिए जाना तीमारदारों के लिए बड़ी चुनौती बन गया है। अस्पताल में मेडिसिन वार्ड के बाहर बैठे तीमारदारों ने बताया कि ये फिल्टर काफी समय से खराब चल रहे थे। पहले इन फिल्टरों से पानी लगातार व्यर्थ बहता रहता था, जिसकी ओर प्रशासन ने ध्यान नहीं दिया। अब स्थिति यह है कि फिल्टरों ने पूरी तरह काम करना बंद कर दिया है और पानी आना बंद हो गया है। अस्पताल की नर्सों ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि फिल्टर अंदरूनी खराबी के कारण बंद हुए हैं। संबंधित तकनीकी कर्मचारी को इस बारे में सूचित कर दिया गया है। अस्पताल प्रबंधन का दावा है कि सोमवार को मरम्मत का कार्य शुरू कर दिया जाएगा, जिसके बाद मरीजों को फिर से स्वच्छ पेयजल की सुविधा मिलने लगेगी।