मामले दर्ज कर हादसे के कारणाें की छानबीन में जुटी पुलिस
संवाद न्यूज एजेंसी
चिड़गांव/रोहड़ू। शिमला जिले के रोहड़ू और चिड़गांव में रविवार और सोमवार को दो अलग-अलग हादसों में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति घायल हो गया है। पुलिस थाना रोहड़ू में इस संबंध में मामले दर्ज किए गए हैं। पुलिस हादसे के कारणों की छानबीन कर रही है। पहले मामले में पुलिस चौकी चिड़गांव के तहत आने वाले लाकाधार के पास तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर करीब 50 मीटर नीचे दादा खड्ड में जा गिरी। हादसे में एक युवक की मौत हो गई। पुलिस ने चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 281, 125(ए) और 106(1) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, टिकर गांव निवासी अनिल ने अपने बयान में बताया कि 11 अक्तूबर को अपराह्न 3:45 बजे वह अपने दोस्तों के साथ कार नंबर एचपी 10सी-3875 में सफर कर रहा था। कार को राजीव कुमार चला रहा था। लाकाधार के पास चालक की कथित तेज रफ्तार और लापरवाही के कारण कार अनियंत्रित होकर करीब 50 मीटर नीचे दादा खड्ड में गिर गई। हादसे में विनय कुमार, पुत्र कुलदीप, निवासी गांव व डाकघर जांगला, तहसील चिड़गांव, जिला शिमला की मौत हो गई। पुलिस चौकी जांगला की टीम मामले की जांच कर रही है। वहीं, दूसरा हादसा 12 अक्तूबर को रोहड़ू क्षेत्र में खदराला के पास लफू वैली में सुंगरी-बाघी सड़क पर हुआ। पुलिस के अनुसार, ऑल्टो के 10 वाहन अनियंत्रित होकर करीब 400 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में चालक अखिल बगलाट की मौके पर मौत हो गई, जबकि वाहन में सवार दूसरा व्यक्ति घायल हो गया। रोहड़ू पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।