ट्रिनिटी इंटरनेशनल स्कूल फागू के दो खिलाड़ी राष्ट्रीय बास्केटबॉल प्रतियोगिता में लेंगे भाग। स्र
आंध्र प्रदेश में 27 सितंबर से 4 अक्तूबर तक होगी 51वीं राष्ट्रीय प्रतियोगिता
संवाद न्यूज एजेंसी
ठियोग(रामपुर बुशहर)। ट्रिनिटी इंटरनेशनल स्कूल फागू के दो प्रतिभाशाली खिलाड़ियों का चयन 51वीं सब-जूनियर राष्ट्रीय बास्केटबॉल चैंपियनशिप के लिए हुआ है। विद्यालय की कक्षा 8वीं की छात्रा कादंबिनी शर्मा और कक्षा 7वीं के छात्र रित्विक वर्मा राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में हिमाचल प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगे। यह प्रतियोगिता बास्केटबॉल फेडरेशन ऑफ इंडिया के तत्वावधान में बास्केटबॉल एसोसिएशन ऑफ आंध्र प्रदेश के सहयोग से 27 सितंबर से 4 अक्तूबर तक विजयवाड़ा, आंध्र प्रदेश में आयोजित की जाएगी। दोनों खिलाड़ियों के चयन से विद्यालय में खुशी और उत्साह का माहौल है। विद्यालय प्रबंधन एवं प्रशासन ने दोनों खिलाड़ियों, उनके अभिभावकों और प्रशिक्षक कोच सुमन चंदेल को हार्दिक बधाई दी। कोच सुमन चंदेल के निरंतर मार्गदर्शन, प्रशिक्षण और प्रोत्साहन की विशेष सराहना की गई। विद्यालय प्रबंधन ने विश्वास व्यक्त किया कि कादंबिनी शर्मा और रित्विक वर्मा राष्ट्रीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए ट्रिनिटी इंटरनेशनल स्कूल फागू और हिमाचल प्रदेश का नाम रोशन करेंगे।