रविवार की शाम को हुए हादसे का नेटवर्क से संपर्क न होने से मंगलवार को लगा पता
सैंजी के प्रमोद और करसोग के जिया लाल गवास से कार में रोहड़ू के लिए निकले थे
संवाद न्यूज एजेंसी
रोहड़ू। उपमंडल रोहड़ू की तहसील चिड़गांव में गवास सड़क पर एक कार के दुर्घटनाग्रस्त होने से दो लोगों की मौत हो गई। हादसा रविवार की शाम को हुआ था, लेकिन लेकिन तेज बारिश और मोबाइल फोन नेटवर्क नहीं चलने के कारण पता मंगलवार सुबह चला। पुलिस ने सूचना के बाद शवों को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिए। पुलिस के मुताबिक, रविवार शाम के समय रोहड़ू के सैंजी गांव निवासी 45 वर्षीय प्रमोद माल्टू और करसोग के चंडियारा गांव निवासी जिया लाल पुत्र रूप लाल गवास से रोहड़ू की ओर कार में निकले थे। इसी दौरान बारिश और धुंध के बीच कार अनियंत्रित होकर गहरे नाले में जा गिरी। परिजनों और अन्य साथियों से खराब मौसम व मोबाइल नेटवर्क नहीं होने के कारण संपर्क नहीं हो पाया। इस कारण हादसे का पता नहीं चला। मंगलवार सुबह गवास गांव के लोगों ने दुर्घटनाग्रस्त कार को गहरे नाले में देखा, तो पुलिस को सूचित किया। इस दुर्घटना में मृतक प्रमोद माल्टू और जिया लाल के शव मौके पर पड़े थे। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से गहरी खाई से दोनों शवों बाहर निकाला। उधर, डीएसपी प्रणव चौहान ने बताया कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। शव परिजनों को सौंपे दिए गए हैं।