ठियोग विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के दो अधिकारियों को राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने किया सम्मानित।
संवाद न्यूज एजेंसी
ठियोग (रामपुर बुशहर)। निर्वाचन प्रक्रिया में उत्कृष्ट योगदान, श्रेष्ठ निर्वाचन व्यवहार के लिए इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब के नोडल ऑफिसर एवं ठियोग कॉलेज के असिस्टेंट प्रोफेसर वसंत जुंटा को राज्य पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। ठियोग निर्वाचन क्षेत्र के तहत 61/ 44 कांडा मतदान केंद्र के बूथ लेवल ऑफिसर कुलदीप ठाकुर को भी जिला स्तरीय पुरस्कार मिला है। ये पुरस्कार राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने शिमला में आयोजित मतदाता दिवस के राज्य स्तरीय समारोह में दोनों अधिकारियों को प्रदान किए। इस अवसर पर ठियोग निर्वाचन क्षेत्र के निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (एसडीएम) शशांक गुप्ता ने दोनों अधिकारियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि ये पुरस्कार दोनों अधिकारियों के नेतृत्व क्षमता, कार्यों के प्रति उनके समर्पण तथा लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति प्रतिबद्धता का प्रतीक है।