अधीक्षण अभियंता राकेश कपूर ने किया क्षेत्र का दौरा
संवाद न्यूज एजेंसी
नित्थर (कुल्लू)। नित्थर के लिए दो जिओ स्विच स्वीकृत हुए हैं। बिजली की समस्याओं को लेकर अधीक्षण अभियंता राकेश कपूर ने नित्थर का दौरा किया। अधीक्षण अभियंता ने लोगों के साथ जिओ स्विच न होने से हो रही परेशानी के बारे में चर्चा की। लोगों ने अधीक्षण अभियंता से समस्याओं का शीघ्र समाधान करने की मांग उठाई। लोगों ने अधीक्षण अभियंता को बताया कि नित्थर में हल्की सी हवा चलने पर बिजली गुल हो जाती है। बिजली बोर्ड नित्थर में सबसे बड़ी समस्या स्टाफ की कमी है, जिसमें लाइनमैन के पद खाली हैं। एक लाइनमैन के पास 10 से ज्यादा ट्रांसफार्मर का जिम्मा है। कनिष्ठ अभियंता का पद भी खाली चल रहा है, जबकि दुराह के कनिष्ठ अभियंता के पास नित्थर का कार्यभार है। वहीं, अधीक्षण अभियंता राकेश कपूर ने बताया कि दो जिओ स्विच और एक 15 लाख का सुरक्षा उपकरण नित्थर के लिए स्वीकृत हुए हैं। इस मौके पर कांग्रेस नेता चेतन चौहान, प्रेम ठाकुर चंद्रपॉल शर्मा, ब्रिकम ठाकुर, अजीत ठाकुर, दीपक ठाकुर, संदेश आनंद शर्मा और देशराज शर्मा सहित अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।