स्सवाद न्यूज एजेंसी
कोटखाई ( रोहड़ू)। प्रोसेसिंग प्लांट में सेब से लदे ट्रकाें को खाली करने में एक सप्ताह लग रहा है। इस ट्रक ऑपरेटर परेशान हो चुके हैं। ऑपरेटरों ने चेताया है कि व्यवस्था नहीं सुधरी तो वे ढुलाई का कार्य बंद कर देंगे। एचपीएमसी प्रबंधन ने तीन दिन पहले व्यवस्था सुधारने का दावा किया था। प्लांट में पांच से सात दिन बाद सेब की बोरियों से लदे ट्रकों को खाली किया जा रहा है। जुब्बल और कोटखाई क्षेत्र से सी ग्रेड सेब लेकर ट्रक एचपीएमसी के पराला और परमाणु प्रोसेसिंग प्लांट पहुंच रहे हैं। यहां सेब की बोरियों से लदे ट्रकों को एक सप्ताह तक खाली होने का इंतजार करना पड़ रहा है। इस देरी के चलते ट्रकों में रखा सेब सड़ रहा है। पराला में एचपीएमसी प्रबंधन ने तीन दिन पहले प्लांट में तकनीकी खराबी की बात बताकर व्यवस्था में सुधार का दावा किया था। वहीं, ट्रक मालिकों का कहना है कि बोरियों को पहले वजन करके ट्रकों में भरा जाता है। खाली करने के बाद वजन भी घट रहा। इस कमी का नुकसान ट्रक मालिकों से काटा जा रहा है। वाहन मालिकों का कहना है कि लंबे इंतजार के कारण न केवल उनका समय और पैसा बर्बाद हो रहा है, बल्कि सेब भी खराब हो रहा है। उन्होंने मांग की है कि एचपीएमसी प्रशासन सेब की बोरियों को समय पर खाली करवाने की व्यवस्था सुनिश्चित करे।