नित्थर स्कूल में होगा बलिदान दिवस कार्यक्रम का आयोजन
संवाद न्यूज एजेंसी
नित्थर (कुल्लू)।
कारगिल युद्ध के शहीद डोला राम को 3 जुलाई यानी शुक्रवार को उपतहसील नित्थर में श्रद्धांजलि दी जाएगी। इस अवसर पर बलिदान दिवस कार्यक्रम का आयोजन नित्थर स्कूल में होगा। शकरोली गांव के डोला राम ने वर्ष 1999 के ऑपरेशन विजय में साहस का परिचय दिया था। वर्ष 1999 में डोला राम को तीन अन्य सैनिकों के साथ सियाचिन की चोटी पर दुश्मनों की टोह लेने भेजा गया था। उनका उद्देश्य सियाचिन की चोटी पर पहुंचकर दुश्मनों की जानकारी अपनी सेना तक पहुंचाना था। ऑपरेशन विजय के दौरान डोला राम और उनके साथी अपनी टुकड़ी को चोटी पर पहुंचाने के लिए रास्ता बना रहे थे। इसी दौरान डोला राम की नजर बंकर में छिपे घुसपैठियों पर पड़ी। उन्होंने तुरंत बंकरों में घुसकर आतंकियों को मारना शुरू कर दिया। उन्होंने अपने साथियों के साथ मिलकर कुल 17 पाकिस्तानी घुसपैठियों को मौत के घाट उतार दिया। इस बहादुरी के दौरान उनके सीने में पांच गोलियां लगीं। गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद उन्होंने घुसपैठियों का सामना जारी रखा। 5,400 मीटर की ऊंचाई पर, अत्यधिक ठंड में, उन्होंने देश के लिए अपने प्राण न्योछावर कर दिए।