. तहसीलदार धर्मपाल नेगी ने किया कार्यक्रम का शुभारंभ
. विद्यार्थियों ने जनजातीय संस्कृति पर आधारित प्रस्तुतियों से बांधा समां
संवाद न्यूज एजेंसी
काजा (लाहौल स्पीति)। भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर रविवार को मुंसलिंग स्कूल रंगरिक में खंड स्तरीय जनजातीय गौरव दिवस मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि तहसीलदार काजा धर्मपाल नेगी ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर धर्मपाल नेगी ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने मात्र 25 वर्ष की आयु में जनजातीय समाज के अधिकारों की रक्षा के लिए महत्वपूर्ण संघर्ष किया। उनके साहस, बलिदान और नेतृत्व क्षमता ने समाज को नई दिशा दी। उन्होंने देश की एकता और स्वतंत्रता की नींव मजबूत करने में भी अहम योगदान दिया। उन्होंने युवा पीढ़ी से अपनी पारंपरिक जनजातीय संस्कृति, खान-पान, रहन-सहन और वेशभूषा को संजोकर रखने तथा अपनी सांस्कृतिक विरासत पर गर्व करने का आह्वान किया। साथ ही कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए मुंसलिंग स्कूल प्रबंधन को बधाई दी। कार्यक्रम में स्कूल के विद्यार्थियों ने जनजातीय संस्कृति पर आधारित रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। इससे पूर्व खुरिक पंचायत के प्रधान संजीव कुमार ने मुख्य अतिथि का स्वागत कर उन्हें पारंपरिक छुबा और टोपी पहनाकर सम्मानित किया। वहीं, नोडल अधिकारी अमर सिंह ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर मुंसलिंग स्कूल रंगरिक के अध्यक्ष टशी नमज्ञाल लामा, जन शिक्षण संस्थान लाहौल-स्पीति के निदेशक बिंदु बोध, किन्नौर की पूर्व जिला परिषद अध्यक्ष टशी यंगचेन, उपप्रधान केटी बोध, विभिन्न विभागों के अधिकारी, शिक्षक, विद्यार्थी और स्थानीय लोग उपस्थित रहे।