चौपाल शिमला मुख्यमार्ग पर लटकें हुए पेड़
विभाग ने सड़क को चौड़ा तो किया, सड़क के आसपास झुके पेड़ों पर नहीं दिया ध्यान
संवाद न्यूज एजेंसी
चौपाल (रोहड़ू )। चौपाल-शिमला मुख्यमार्ग पर लटके हुए पेड़ खतरा बन चुके हैं। चंबी-खिड़की-देहा से आगे मुख्यमार्ग पर इस प्रकार से पेड़ लटके हुए हैं कि दुर्घटना का अंदेशा बना रहता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि विभाग ने सड़क को चौड़ा तो कर दिया है, लेकिन सड़क के आसपास सड़क की ओर से झुके पेड़ों पर ध्यान नहीं दिया है। लंबे समय से मार्ग में कुछ स्थानों पर पेड़ लटके हुए हैं, जो वाहन चालकों और राहगीरों के लिए खतरा बने हुए हैं। जब भी इस मार्ग से कोई ट्रक या बस गुजरती है, तो यह पेड़ उनके टकराते हैं। स्थानीय निवासी कुलदीप मेहता, विक्रम शर्मा, जगदीश हिमटा, सोहन लाल, वीरेंद्र कुमार, प्रेम चंद, कमल कुमार और शिव लाल ने प्रशासन और विभाग से अपील की है कि इन पेड़ों को सड़कों से हटाया जाए, ताकि सड़कों पर आसानी से बिना खतरे के वाहन चल सकें। वन मंडलाधिकारी चौपाल जंगवीर दुल्टा ने बताया कि सभी खतरनाक पेड़ों को चिह्नित किया जाएगा और इसे हटाने की प्रक्रिया जल्दी शुरू की जाएगी।