उपमंडल चौपाल के अंतर्गत सरांह रेंज में कटे हरे पेड़
चौपाल (रोहड़ू)। उपमंडल चौपाल के अंतर्गत सरांह रेंज के चिऊना में जंगलों में दर्जनों देवदार के पेड़ों पर कुल्हाड़ी चलाई गई है। अभी तक विभाग को वन काटुओं की कोई खबर तक नहीं लगी है। एक तरफ सरकार पेड़ों का कटान रोकने और अधिक से अधिक पेड़ लगाने के लिए करोड़ों रुपये खर्च कर रही है वहीं वन माफिया हरे पेड़ों का कटान कर पर्यावरण को नुकसान पहुंचा रहे हैं। सरांह रेंज में वन माफियाओं ने दर्जनों हरे पेड़ों पर कुल्हाड़ी चलाई है। पेड़ों की संख्या इतनी ज्यादा है कि इनको काटने के लिए काफी दिन लगे होंगे। अब सवाल उठता है कि जंगल में इतने पेड़ कट गए, लेकिन वन विभाग के अधिकारियों और फॉरेस्ट गार्ड को पता तक नहीं चला। इससे विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवालिया निशान लग गए हैं। उपमंडल चौपाल की ग्राम पंचायत लिगजार के जंगलों में 30 से 40 देवदार व कायल के हरे पेड़ों को काटा गया है। सूत्रों की मानें तो मैदान के बाहर जंगल में भी दर्जनों छोटे बड़े पेड़ों के ठूंठ हैं। मैदान और साथ लगते जंगल में दर्जनों लॉग्स भी बिखरे पड़े हैं। वन विभाग ने पंचायत प्रधान सहित दो अन्य लोगों के खिलाफ पुलिस थाना चौपाल में प्राथमिकी दर्ज करवाई है। उधर, वन मंडलाधिकारी चौपाल अंकित कुमार ने कहा कि पंचायत प्रधान सहित तीन लोगों के खिलाफ पुलिस थाना चौपाल में प्राथमिकी दर्ज करवाई गई है। वन परिक्षेत्र अधिकारी व वन खंड अधिकारी को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं। मामले की गहन जांच होगी और जो भी दोषी होगा उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।