हाईवे पर सड़क के 200 मीटर हिस्से की हालत बेहद खराब, गड्ढों की भरमार
विज्ञापन
ग्रामीणों, पर्यटकों और सेना के जवानों को पेश आ रही परेशानी संवाद न्यूज एजेंसी सांगला (किन्नौर)। सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण शिमला-किन्नौर राष्ट्रीय राजमार्ग-पांच पर नाथपा के पास सड़क के करीब 200 मीटर हिस्से की हालत बेहद खराब है। भूस्खलन प्रभावित क्षेत्र में खतरे के साये में लोग सफर कर रहे हैं। तीन साल से नाथपा में एनएच की हालत नहीं सुधर पा रही है। हाईवे से गुजरने वाले ग्रामीण, पर्यटक और सेना के जवानों को खतरे के साये में सफर करना पड़ रहा है। किन्नौर जिले में इन दिनों सेब सीजन चरम पर है। सेब से लदे वाहनों को आवाजाही करने में दिक्कतें पेश आ रही हैं। एनएच पर जगह-जगह गड्ढों की भरमार है। बड़े गड्ढे होने के कारण सड़क की हालत बदतर हो गई है। लोगों ने एनएचएआई से जल्द सड़क की हालत को सुधारने की मांग उठाई है। भाजपा जिला महामंत्री सुभाष छोरज्ञा ने कहा कि पिछले तीन साल से भूस्खलन प्रभावित क्षेत्र नाथपा में एनएच की हालत को सुधारने में प्रदेश सरकार पूरी तरह से विफल रही है। नेगी ने प्रदेश सरकार, जिला प्रशासन और एनएचएआई से जल्द भूस्खलन प्रभावित क्षेत्र की सुध लेने की मांग उठाई है। पूह पंचायत के प्रधान राजेश कुमार नेगी, मूरंग पंचायत के प्रधान अनूप नेगी, कल्पा पंचायत की प्रधान सरिता नेगी, सांगला पंचायत की प्रधान देव सांकी नेगी, चांसू पंचायत के प्रधान बीरबल लोक्टस और मीरू पंचायत के प्रधान नरेंद्र नेगी ने प्रदेश सरकार, जिला प्रशासन और एनएचएआई के अधिकारियों से सड़क की हालत को सुधारने की मांग उठाई है ताकि लोगों को असुविधाएं न हो।
सेब सीजन के कारण गड्ढे बने होंगे। मरम्मत कार्य के लिए मौके पर मशीन तैनात की गई है। समय-समय पर गड्ढे भरे जा रहे हैं।
केएल सुमन, अधिशासी अभियंता, एनएचएआई