नेरवा (रोहड़ू)। तहसील नेरवा की मानू-भाविया पंचायत के मांदल गांव में रविवार सुबह विद्युत ट्रांसफार्मर के साथ लगा मीटर आग लगने से जल गया। इस घटना के कारण पूरे गांव में बिजली आपूर्ति ठप हो गई है। ग्रामीणों की सूझबूझ से एक बड़ा हादसा टल गया। पंचायत प्रधान मनोहर शर्मा ने बताया कि यह हादसा रविवार सुबह करीब सात बजे हुआ। आग की लपटें दूर तक दिखाई दे रही थीं। ग्रामीणों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आग को ट्रांसफार्मर तक पहुंचने से पहले ही बुझा दिया। इससे एक संभावित बड़े नुकसान को रोका जा सका। विद्युत मंडल चौपाल के अधिशासी अभियंता गोवर्धन दिलटा ने बताया कि मीटर में आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगी थी। अधिशासी अभियंता गोवर्धन दिलटा ने बताया कि जले हुए मीटर को बदलने के लिए नया मीटर भेज दिया गया है। उन्होंने बताया कि शॉर्ट सर्किट के कारण यह आग लगी थी। दिलटा ने आश्वासन दिया कि गांव में विद्युत आपूर्ति जल्द ही बहाल कर दी जाएगी। हालांकि, समाचार लिखे जाने तक मांदल गांव में बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हो पाई थी।