संवाद न्यूज एजेंसी
काजा (लाहौल-स्पीति)। कचरे का उचित निष्पादन करने के लिए पंचायतें आगे आएं, ताकि गांवों में स्वच्छता बनी रहे। सोमवार को हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय के अधिवक्ता देवेन खन्ना ने खंड विकास अधिकारी कार्यालय काजा के कांन्फ्रेंस हॉल में आयोजित ठोस-कचरा प्रबंधन पर प्रशिक्षण एवं जागरुकता शिविर में यह बात कही। प्रशिक्षण शिविर में पंचायत प्रधान, उपप्रधान, पंचायत प्रतिनिधि, सचिव, तकनीकी सहायक और खंड समन्वयकों को ठोस-कचरा प्रबंधन पर जागरूक किया गया। अधिवक्ता देवेन खन्ना ने कहा कि प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य कूड़े-कचरे के उचित निष्पादन की व्यवस्था करना और कचरे का सही तरीके से निपटान करने के लिए जानकारी प्रदान करना है। उन्होंने कहा कि नदी-नालों, जल स्रोतों और बस्तियों के नजदीक कूड़ा फेंकने का वालों के विरुद्ध कार्रवाई करने और उनपर जुर्माना लगाने का प्रावधान है। इस दौरान खंड विकास अधिकारी काजा अंशुल ने ठोस कचरा प्रबंधन पर किए जा रहे कार्यों से अवगत करवाया।