हाटकोटी दुर्गा माता मंदिर में नवरात्र की तैयारियों को लेकर आयोजित बैठक में मौजूद एसडीएम गुरमीत
बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने और व्यवस्थाएं सुचारु रखने के लिए हुई न्यास की बैठक
संवाद न्यूज एजेंसी
रोहड़ू। प्रसिद्ध दुर्गा माता मंदिर हाटकोटी में नवरात्र के दौरान श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने और व्यवस्थाओं को सुचारू रखने के लिए शुक्रवार को मंदिर न्यास की बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता एसडीएम एवं मंदिर न्यास के अध्यक्ष गुरमीत नेगी ने की। बैठक में निर्णय लिया कि नवरात्र के अवसर पर मुख्य सड़क से हाटकोटी मंदिर तक ट्रैफिक वनवे रहेगा। बैठक में जुब्बल के थाना प्रभारी चेतन चौहान समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में नवरात्र के दौरान मंदिर परिसर की साज-सज्जा, सफाई व्यवस्था, बिजली एवं पेयजल आपूर्ति, भोग वितरण और कानून व्यवस्था समेत विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई। श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए चिकित्सा व्यवस्था उपलब्ध करवाने, लंगर भवन की साफ-सफाई और भंडारे की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। नवरात्र के दौरान श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए अतिरिक्त बसों की व्यवस्था करने पर भी चर्चा हुई। वहीं, मेले में लगाए जाने वाले स्टॉलों के आवंटन और किराया निर्धारण को लेकर भी आवश्यक निर्णय लिए गए। मंदिर में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस की तैनाती और मेला मजिस्ट्रेट की नियुक्ति पर भी चर्चा की गई। न्यास के सचिव एवं नायब तहसीलदार सस्वती नगर दिनेश शर्मा ने बताया कि नवरात्र के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए मुख्य सड़क से दुर्गा माता मंदिर की ओर वनवे यातायात व्यवस्था लागू की जाएगी। इससे वाहनों की आवाजाही नियंत्रित करने के साथ श्रद्धालुओं को जाम की समस्या से राहत मिल सकेगी। बैठक में मंदिर कैंटीन की नीलामी और मंदिर की बगीची को लीज पर देने संबंधी विषयों पर भी चर्चा की गई। एसडीएम गुरमीत नेगी ने सभी संबंधित विभागों को नवरात्र से पहले आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश दिए ताकि बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।