ज्यूरी (रामपुर बुशहर)। सराहन के बोंडा से आईटीबीपी की 19वीं बटालियन का एक दल सात दिवसीय ट्रैकिंग के लिए रवाना हो गया। 19वीं वाहिनी के कमांडेंट अभय चंद ने ट्रैकिंग दल को हरी झंडी दिखा कर रवाना किया। इस 14 सदस्यीय ट्रैकिंग दल में चार महिला सैनिक भी शामिल हैं। बटालियन के असिस्टेंट कमांडेंट अतुल कुमार के नेतृत्व में ट्रैकिंग दल सराहन, किन्नू और मशनु से होते हुए श्राईकोटी दुर्गा मंदिर तक पहुंचकर वापस लौटेगा। ट्रैकिंग दल का मुख्य उद्देश्य केंद्र सरकार और प्रदेश सरकार की ओर से समय-समय पर चलाई जा रही कल्याणकारी योजनाओं स्वच्छता, स्वास्थ्य, जल संरक्षण, वन संरक्षण, शिक्षा और कोविड-19 को लेकर लोगों को जागरूक करना है। कमांडेंट अभय चंद ने बताया कि ट्रैकिंग दल गांव में लोगों को जागरूकता के साथ मेडिकल सेवा भी उपलब्ध करवाएगा। दल में मेडिकल टीम के सदस्य भी शामिल हैं। आईटीबीपी के उच्च कार्यालयों से उन्हें सात दिवसीय ट्रैकिंग करवाने के आदेश जारी किए गए हैं।