ठियोग (रामपुर बुशहर)। ठियोग खंड के मतियाना में गुठलीदार फलों की वैज्ञानिक खेती को लेकर एक दिवसीय प्रशिक्षण शिविर लगा। शिविर में गांवों के सैकड़ों किसानों ने भाग लिया। डॉ. यशवंत सिंह परमार औद्यानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय सोलन के पूर्व प्रोफेसर डॉ. जेएस चंदेल ने किसानों को गुठलीदार फलों के खेती के टिप्स दिए। उन्होंने चेरी में वैज्ञानिक प्रूनिंग तकनीकों और बागवानी प्रबंधन पर व्याख्यान प्रस्तुत किया। कृषि विज्ञान केंद्र शिमला की प्रभारी डॉ. उषा शर्मा ने गुठलीदार फलों में पाई जाने वाली बीमारियों और उनके वैज्ञानिक प्रबंधन पर चर्चा की। क्षेत्रीय बागवानी अनुसंधान एवं प्रशिक्षण केंद्र मशोबरा की वैज्ञानिक डॉ. संगीता शर्मा ने कीट प्रबंधन पर जानकारी प्रदान की। हॉर्टिकल्चर विभाग के अधिकारी मोहन मेहता और जगदीश शर्मा ने किसानों के लाभ के लिए विभिन्न विभागीय योजनाओं पर प्रकाश डाला। इंजीनियर सुरेंद्र ठाकुर ने सफल बागवानी उत्पादन के अपने अनुभव साझा किए। प्रशिक्षण कार्यक्रम दीपक सिंघा की अध्यक्षता में आयोजित किया गया।