रिकांगपिओ (किन्नौर)। रिकांगपिओ में विशेष क्षेत्र विकास प्राधिकरण (साडा) ने खुले में कूड़ा-कचरा फेंकने पर तीन लोगों को 4,500 रुपये जुर्माना लगाया है। एएसआई संजीव कुमार के नेतृत्व में पुलिस की टीम और साडा की टीम गश्त पर थी। इस दौरान बस अड्डे के पास तीन लोग खुले में कूड़ा फेंकते हुए पकड़े। टीम ने मोमिनूर, संजय वर्मा और दीपांकर को खुले में कूड़ा फेंकने पर जुर्माना लगाया। साडा सचिव एवं एसडीएम कल्पा अमित कलथाइक ने लोगों से स्वच्छता के नियमों का पालन करने की अपील की है। साथ ही चेतावनी दी कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।