चौपाल(रोहडू़)। उपमंडल चौपाल मुख्यालय से 11 किलोमीटर दूर चौपाल- झिकनीपुल मार्ग पर बाहलधार में रविवार देर शाम एक कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में गाड़ी में सवार तीन लोग गंभीर रुप से घायल हो गए हैं। उन्हें सिविल अस्पताल चौपाल से प्राथमिक उपचार के बाद आईजीएमसी शिमला रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार कार रविवार देर शाम झिकनीपुल से चौपाल की ओर जा रही थी। इस दौरान गाड़ी में तीन लोग सवार थे। इसी बीच बाहलधार के समीप गाड़ी अनियंत्रित होकर दो सौ मीटर नीचे शंठा खड्ड में जा गिरी। दुर्घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने घायलों को सिविल अस्पताल चौपाल पहुंचाया। यहां से उन्हें आईजीएमसी शिमला रेफर किया गया।
घायलों की पहचान प्रताप सिंह (56) पुत्र टौंकू राम गांव भोईलाना (चौपाल), सुरेश (40) पुत्र रोशन लाल गांव भोइलाना और कपिल (30) पुत्र बंसी लाल गांव खदर के रूप में हुई है। डीएसपी चौपाल राजकुमार ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि घायलों को चौपाल से प्राथमिक उपचार के बाद आईजीएमसी रैफर किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।