सड़क खुलने का इंतजार, मंडियों में पहुंचाना बना चुनौती
संवाद न्यूज एजेंसी
नित्थर (कुल्लू)। नित्थर उपतहसील की कुठेड़ पंचायत के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में आजकल सेब का सीजन जोरों पर है, लेकिन सड़क बाधित होने से हजारों सेब की पेटियां गोदामों में पड़ी हैं। बागवान सड़क खुलने का इंतजार कर रहे हैं। सेब की पेटियों को मंडियों तक पहुंचाना चुनौती बना हुआ है। कुठेड़ के बनकोटी के लिए जाने वाला रास्ता पूरी तरह से टूट गया है। सड़क पर गहरी खाई पड़ चुकी है, जहां से पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है और गाड़ी की आवाजाही तो दूर की बात है। ऊपरी कुठेड़ और निचली कुठेड़ गांव के कई ग्रामीण दलीप ठाकुर, सैम ठाकुर, सतपाल ठाकुर, राकेश और जगरूप ठाकुर सहित अन्य कई बागवानों का कहना है कि लोक विभाग जल्द इस सड़क मार्ग को बहाल करें, नहीं तो हमारी साल भर की कमाई हमारा सेब गोदामों में ही सड़ जाएगा। इसके अलावा नित्थर से आनी सड़क नींथा गांव के साथ बड़ी चट्टान आने से अवरुद्ध है और कई जगह सड़कें पूरी तरह से बैठ गई हैं। इससे लोगों को पैदल सफर करने को मजबूर होना पड़ रहा है। उधर, कनिष्ठ अभियंता लोक निर्माण विभाग नित्थर हिमांशु ठाकुर का कहना है कि जैसे ही मुख्य सड़क मार्ग बहाल हो जाएंगे, वैसे ही नित्थर के ऊपरी क्षेत्रों के मार्ग को यातायात के लिए बहाल कर दिया जाएगा।