नित्थर में परियोजना प्रभावितों के साथ बैठक करते विधायक लोकेंद्र कुमार। संवाद
. नित्थर में ग्रामीणों के साथ की बैठक, विधायक लोकेंद्र कुमार ने सुनीं समस्याएं
संवाद न्यूज एजेंसी
नित्थर (कुल्लू)।
लूहरी जलविद्युत परियोजना से प्रभावित पंचायतों की बैठक नित्थर में हुई। बैठक में विधायक लोकेंद्र कुमार विशेष रूप से मौजूद रहे। बैठक में परियोजना प्रबंधन के खिलाफ रोष जताया गया। बैठक में स्थानीय लोगों को रोजगार में प्राथमिकता देने और प्रभावित परिवारों के हितों की रक्षा करने की मांग उठाई है। आनी के विधायक लोकेंद्र कुमार ने बैठक में ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। ग्रामीणों ने कहा कि परियोजना से प्रभावित होने के बावजूद क्षेत्र के लोगों को अपेक्षित लाभ और रोजगार के पर्याप्त अवसर नहीं मिल पाए हैं। उन्होंने मांग की है कि परियोजना में स्थानीय युवाओं को प्राथमिकता के आधार पर रोजगार दिया जाए और प्रभावित परिवारों के हितों को सुरक्षित रखा जाए। ग्रामीणों ने कहा कि स्थानीय लोगों की जमीन और संसाधनों से जुड़ी परियोजनाओं में प्रभावित परिवारों को उचित लाभ मिलना चाहिए। उन्होंने परियोजना से जुड़े मामलों में स्थानीय लोगों की समस्याओं को प्राथमिकता से हल करने की आवश्यकता पर भी जोर दिया। विधायक लोकेंद्र कुमार ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि प्रभावित लोगों के अधिकारों, रोजगार और क्षेत्र के विकास से जुड़े मुद्दों को उचित मंच पर उठाया जाएगा। उन्होंने कहा कि जनता के हितों की रक्षा करना और क्षेत्र का समुचित विकास सुनिश्चित करना उनकी प्राथमिकता है। बैठक में नित्थर पंचायत के प्रधान प्रवीण कुमार, देहरा पंचायत की प्रधान अनीता ठाकुर और जितेंद्र ठाकुर सहित कई अन्य ग्रामीण उपस्थित रहे।