संवाद न्यूज एजेंसी
चौपाल (रोहड़ू) । मुख्यालय कुपवी में बस अड्डश्न होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लोगों को बारिश और धूप में सड़क पर खड़े होकर बसों का इंतजार करना पड़ता है। शाम को चार बजे तो यहां ऐसी स्थिति हो जाती है कि कोई भी व्यक्ति वाहन की चपेट में आ सकता है। जहां बसें और गाड़ियां खड़ी रहती हैं, वहां साथ में ही प्राइमरी स्कूल और पीएमश्री उत्कृष्ट वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय है, जिनका आने-जाने का रास्ता वहीं से ही गुजरता है। कई बार स्कूली बच्चे बसों और गाड़ियों के बीच फंसे हैं और चोटिल हुए हैं। ऐसी स्थिति कुपवी में बस अड्डा न होने के कारण उत्पन्न होती है। इस कारण यहां दुर्घटना का अंदेशा बना रहता है। गौर रहे कि कुपवी में बस अड्डे के लिए भूमि भी चयनित की गई है। इसके बाद भी बस अड्डे का निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ है। स्थानीय निवासी, जालम सिंह, यशपाल, मोहर सिंह, नरिया राम, पंकज, अनिल कुमार, गुमान सिंह, सुमन कुमारी, मीरा देवी, सीता देवी और प्रियंका ने सरकार और परिवहन निगम से मांग की है कि कुपवी बस अड्डे के निर्माण कार्य को जल्द शुरू किया जाए।