रिकांगपिओ (किन्नौर)। केंद्र सरकार की गलत विदेश नीति के कारण आज भारत में रसोई गैस की भारी कमी हो गई है। इससे देश आर्थिक और बेरोजगारी के गंभीर संकट की ओर बढ़ रहा है। आम आदमी पार्टी के किन्नौर जिला अध्यक्ष मनीष कुमार नेगी ने जारी बयान में यह बात कही। उन्होंने देश में गहराते एलपीजी संकट पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि देश में गैस उत्पादन 50 प्रतिशत तक गिर गया है। स्ट्रेट ऑफ होर्मुज के रास्ते होने वाला 90 प्रतिशत आयात बंद होने से आपूर्ति ठप है। पर्यटन और उद्योग पर भी मार पड़ रही है। हिमाचल की जीडीपी में 7.5 प्रतिशत योगदान देने वाला पर्यटन क्षेत्र खतरे में है। होटल और रेस्टोरेंट बंद हो रहे हैं, जिससे लाखों लोगों के रोजगार पर तलवार लटक रही है। गैस की किल्लत से शादियों के सीजन में आम जनता परेशान है और कई जगह शादियां टालने की नौबत आ गई है।