ठियोग (रामपुर बुशहर)। मध्य पूर्व में चल रहे ईरान और अमेरिका के बीच तनाव और युद्ध का असर अब देश के छोटे कस्बों तक दिखाई देने लगा है। ठियोग क्षेत्र में व्यावसायिक गैस सिलिंडरों की भारी कमी के कारण कई होटल और ढाबे बंद हो गए हैं। ठियोग के रहीघाट, जनोगघाट, बेखलटी, मतियाना और आसपास के इलाकों में कई होटल और ढाबों पर ताले लग चुके हैं। होटल संचालकों का कहना है कि कुछ दिनों से व्यावसायिक गैस सिलिंडर समय पर उपलब्ध नहीं हो पा रहे हैं, जिससे खाना बनाना मुश्किल हो गया है और उन्हें कारोबार बंद करने की नौबत आ गई है। उधर, खाद्य एवं आपूर्ति विभाग अधिकारी रंजना सूद ने बताया कि रोजाना करीब तीन सौ घरेलू सिलिंडर की आपूर्ति पहुंच रही है। 45 दिनों के बुकिंग के नियमानुसार उपभोक्ताओं को सिलिंडर वितरित किए जा रहे हैं। फिलहाल, स्थिति सामान्य और नियंत्रण में है। व्यावसायिक सिलिंडर की आपूर्ति के बारे में जिस तरह के आदेश और नियम बनाए जाएंगे, उनका अनुपालन किया जाएगा।