अस्पताल में डॉक्टरों की संख्या बढ़कर 21 हुई, 400 मरीजों की ओपीडी वाले अस्पताल में डॉक्टर मिलने से मरीजों को मिलेगी राहत
ठियोग सहित चौपाल, नारकंडा, रोहड़ू और सिरमौर से आने वाले मरीजों को मिलेगा बेहतर उपचार
संवाद न्यूज एजेंसी
ठियोग(रामपुर बुशहर)। ठियोग सिविल अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में प्रदेश सरकार ने बड़ी पहल की है। अस्पताल में आठ नए चिकित्सकों की नियुक्ति की गई है। इन नियुक्तियों के बाद ठियोग सिविल अस्पताल में चिकित्सकों की कुल संख्या 21 हो गई है। वर्तमान में अस्पताल में केवल रेडियोलॉजिस्ट और मेडिसिन विभाग के पद अभी भी रिक्त हैं। इन पदों के लिए अभी इंतजार करना पड़ेगा। नए चिकित्सकों की तैनाती से क्षेत्र की जनता को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलने की उम्मीद बढ़ गई है। नवनियुक्त चिकित्सकों में डॉ. तिनेश खटाना (एनेस्थीसिया), डॉ. मेघा ठाकुर (डर्मेटोलॉजी), डॉ. आदर्श शर्मा (फॉरेंसिक मेडिसिन), डॉ. नवदीप मेहता (फिजियोथेरेपी), डॉ. निशा शर्मा (ईएनटी), डॉ. रोहित शर्मा (जनरल सर्जरी), डॉ. निवेदिता राठौर (ऑप्थेल्मोलॉजी) और डॉ. सिमरन शर्मा (पैथोलॉजी) शामिल हैं। ठियोग सिविल अस्पताल में प्रतिदिन करीब 400 मरीज ओपीडी में उपचार के लिए पहुंचते हैं। ठियोग के अलावा शिमला ग्रामीण, चौपाल, नारकंडा, रोहड़ू और सिरमौर के विभिन्न क्षेत्रों से भी लोग स्वास्थ्य जांच और उपचार के लिए यहां पहुंचते हैं। ऐसे में लंबे समय से चिकित्सकों की कमी के चलते मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। अब आठ नए चिकित्सकों की नियुक्ति के बाद अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाओं का दायरा बढ़ने के साथ मरीजों को विशेषज्ञ सेवाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध होने की उम्मीद है। अस्पताल में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार के तहत अल्ट्रासाउंड मशीन भी स्थापित की जा चुकी है, जिसका उद्घाटन हाल ही में विधायक कुलदीप सिंह राठौर ने किया था। चिकित्सकों की नई नियुक्तियों, अल्ट्रासाउंड सुविधा और अन्य स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार से अस्पताल के और अधिक प्रभावी चिकित्सा केंद्र के रूप में विकसित होने की उम्मीद है। वहीं, विधायक कुलदीप सिंह राठौर ने कहा कि उन्होंने जनता से जो वादे किए हैं, उन्हें पूरा करने के लिए लगातार प्रयासरत हैं। उन्होंने कहा कि ठियोग सिविल अस्पताल में आठ नए चिकित्सकों की नियुक्ति से लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलेंगी और उन्हें उपचार के लिए दूरदराज के अस्पतालों का रुख कम करना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि अस्पताल में जो अन्य पद अभी रिक्त हैं, उन्हें भी जल्द भरने के प्रयास किए जाएंगे। क्षेत्र की जनता को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाना उनकी प्राथमिकता है और इसके लिए वह लगातार प्रयास करते रहेंगे। विधायक राठौर ने ठियोग सिविल अस्पताल में चिकित्सकों की नियुक्तियों के लिए मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू और स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धनीराम शांडिल का आभार जताया। उन्होंने कहा कि सरकार के सहयोग से ठियोग और आसपास के क्षेत्रों की स्वास्थ्य व्यवस्था को लगातार मजबूत किया जा रहा है।