नगर परिषद नालागढ़ की टीम ने की कार्रवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
नालागढ़ (सोलन)। नालागढ़ नगर परिषद की टीम ने रविवार के दिन भी अतिक्रमणकारियों पर कार्रवाई की है। इसमें नालागढ़ शहर में एक दर्जन से अधिक अवैध रेहड़ी फड़ी वालों के अवैध कब्जे हटाए। अतिक्रमण के चलते क्षेत्र में राहगीरों को परेशानी झेलनी पड़ रही थी। जानकारी के अनुसार नालागढ़ शहर की सड़कों पर अतिक्रमण करके बैठे रेहड़ी-फड़ीधारकों पर परिषद की इस कार्रवाई से हड़कंप मच गया। नगर परिषद की कार्रवाई के बाद बाजार खुले डुले नजर आए। नगर परिषद के सेनेटरी सुपरवाइजर हेमराज ने परिषद कर्मियों के साथ नालागढ़ शहर के बाजारों का दौरा किया और यह कार्रवाई की है। नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी संदीप कुमार ने कहा कि अतिक्रमणकारियों को कड़ी चेतावनी जारी की है कि भविष्य में शहर की सड़कों पर अतिक्रमण किया तो उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।