रामपुर बुशहर। राजकीय महाविद्यालय रामपुर में साप्ताहिक पुस्तकालय अभिमुखीकरण सह कार्यशाला के चौथे दिन विद्यार्थियों को पुस्तकालय की आधुनिक सुविधाओं, सेवाओं और डिजिटल संसाधनों के बारे में जागरूक किया। कार्यशाला में विद्यार्थियों ने पुस्तकालय की सुविधाओं का लाभ उठाने का संकल्प लिया। कार्यशाला संयोजक प्रो. प्रमिला ठाकुर के मार्गदर्शन में कार्यशाला का आयोजन किया गया है। प्रो. राजेश नेगी और सहायक आचार्य अनिल चौहान ने विद्यार्थियों को कॉलेज पुस्तकालय में उपलब्ध सेवाओं, पुस्तक निर्गमन, वापसी प्रणाली, पुस्तक बैंक, डिजिटल लाइब्रेरी, ई रिसोर्स अध्ययन कक्ष और प्रतियोगी परीक्षाओं से संबंधित पुस्तकों के उपयोग के बारे में जानकारी दी। विद्यार्थियों को नियमित रूप से पुस्तकालय का उपयोग कर अध्ययन और शोध की आदत विकसित करने के लिए प्रेरित किया। सहायक पुस्तकालय अध्यक्ष सुधीर कुमार ने पुस्तकालय अभिमुखीकरण सत्र के तहत पुस्तकालय सदस्यता प्रक्रिया, पुस्तक खोज प्रणाली, ई-पुस्तकों, ई-जर्नल की उपलब्धता, पुस्तकालय के नियमों, अनुशासन और उपलब्ध सुविधाओं के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि पुस्तकालय केवल पुस्तकों का संग्रह नहीं यह ज्ञान, अनुसंधान और नवाचार का महत्वपूर्ण केंद्र है। कार्यशाला के दौरान विद्यार्थियों ने पुस्तकालय सेवाओं से जुड़े कई प्रश्न पूछे, जिनका विशेषज्ञों ने विस्तार पूर्वक समाधान किया।