ननखड़ी (रामपुर बुशहर)। ननखड़ी तहसील में बस अड्डा और डिग्री कॉलेज के लिए सड़क निर्माण और विस्तारीकरण करने को लेकर ज्वाइंट इंस्पेक्शन की गई। मंगलवार को ननखड़ी में विभागीय अधिकारियों ने मौके का जायजा लिया। वन विभाग, हिमाचल पथ परिवहन निगम और लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण किया और सभी औपचारिकताएं पूरी की।
ननखड़ी में बस स्टैंड की लंबे समय से चली आ रही मांग के मद्देनजर मंगलवार को विभिन्न विभागों के अधिकारियों द्वारा ज्वाइंट इंस्पेक्शन की गई। ऐसे में अब क्षेत्र के हजारों लोगों को ननखड़ी में बस अड्डा की सुविधा मिलने की उम्मीद जग गई है। गौर हो कि तहसील ननखड़ी में दशकों से बस अड्डे का निर्माण नहीं हो पाया है। इसके चलते जहां ननखड़ी बाजार में जाम की स्थिति से ग्रामीणों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, यात्रियों को भी बस अड्डा न होने के कारण बैठने की कोई व्यवस्था नहीं है। तहसील कार्यालय आने जाने वाले लोगों को बसों के इंतजार के लिए खड़े-खड़े ही रहना पड़ रहा है। सवारी बारिश में भीगने और धूप में तपने को मजबूर हैं। संयुक्त निरीक्षण के बाद अब ग्रामीणों को बस अड्डा की सुविधा मिलने की आस जग गई है।
वहीं, डिग्री कॉलेज ननखड़ी के लिए बनी सड़क का भी लोक निर्माण विभाग विस्तारीकरण करेगा। साथ ही करीब दो किलोमीटर सड़क निर्माण को लेकर मौके का निरीक्षण किया गया। क्षेत्र के ग्रामीण राम गोपाल, देशराज, राजेश खुंद, संतोष कुमार, रूमाल सिंह, हरदयाल ठाकुर, मनोज कुमार और राजेंद्र सिंह ने बस अड्डे के लिए ज्वांइट इंस्पेक्शन करने पर खुशी जाहिर की है और सरकार से जल्द से जल्द बस अड्डा निर्माण कार्य शुरू कर हजारों लोगों को सौगात देने की मांग उठाई है। इस अवसर पर डीएफओ रामपुर विकल्प यादव, आरओ ननखड़ी राजेश्वर कल्याण, आरएम रामपुर प्रेमचंद कश्यप, एसडीओ लोक निर्माण विभाग ननखड़ी राहुल जंजीहा और कनिष्ठ अभियंता लोकेंद्र कुमार सहित अन्य मौजूद रहे।
18 पंचायतों को मिलेगा लाभ
थाना ननखड़ी, अड्डू, बगलती, कुंगल-बाल्टी, बड़ोग, खमाडी, मझोली-टिप्पर, शोली, थैली चकटी, कलेडा-मझेवटी, बड़ाच, देलठ, खड़ाहण, खुन्नी पनोली, जाहू और खोलीघाट सहित अन्य पंचायतों के सैकड़ों लोग बस अड्डा बनने से लाभान्वित होंगे।