खस्ताहाल नेरवा फिडिज पुल मार्ग। संवाद
इसी पुल से ही देशभर की सब्जी मंडियों में पहुंचता है चौपाल का कृषि उत्पाद
संवाद न्यूज एजेंसी
नेरवा(रोहड़ू)। टमाटर और सेब का सीजन शुरू होने वाला है। चौपाल उपमंडल के 90 प्रतिशत कृषि और बागवानी उत्पाद को देश की विभिन्न मंडियों में पहुंचाने वाले नेरवा-फेडीज पुल की सड़क की हालत मरम्मत के अभाव में बदतर होती जा रही है। नेरवा से फेडीज पुल मार्ग की लंबाई करीब 18 किलोमीटर है। फेडीज पुल में यह मार्ग पांवटा साहिब जाने वाले नेशनल हाईवे-707 से मिल जाता है। इस मार्ग की हालत इतनी खस्ताहाल हो चुकी है कि 18 किलोमीटर के सफर को एक घंटे से अधिक का समय लग जाता है। वर्ष 2023 की अत्यधिक बरसात में इस सड़क को भारी क्षति पहुंची थी। इसके बाद सड़क की मेटलिंग और टारिंग नहीं हुई। विभाग ने सड़क में पड़े गड्ढों में मिट्टी भरकर खानापूर्ति कर दी। हल्की सी बारिश होने पर मिट्टी बह जाती है और सड़क में फिर से गड्ढे पड़ जाते हैं। विभाग फिर मिट्टी भरकर अपने कर्तव्य की इतिश्री कर लेता है। सड़क के खस्ताहाल होने के कारण सीज़न में बाहर के ट्रांसपोर्टर आने से मना कर देते हैं, जो आते हैं वे किसानों-बागवानों से मनमर्जी का भाड़ा वसूलते हैं। लोक निर्माण विभाग उप मंडल नेरवा के सहायक अभियंता सुनील शर्मा ने बताया कि विभाग ने इस सड़क की मरम्मत के लिए टेंडर लगाकर कार्य ठेकेदारों को आवंटित कर दिया था। इस वर्ष तारकोल के रेट दोगुने हो जाने के कारण ठेकेदारों ने काम नहीं किया।