रिवाड़ी-दलाश सड़क की हालत बनी दयनीय, ग्रामीण झेल रहे परेशानियां। संवाद
डेढ़ किलोमीटर सड़क पर सफर बना जानलेवा
ग्रामीणों ने सरकार और लोक निर्माण विभाग से सड़क सुधारने की उठाई मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
दलाश (कुल्लू)।
दलाश के रिवाडी-दलाश सड़क की हालत दयनीय बनी हुई है। सड़क के करीब डेढ़ किलोमीटर हिस्से पर गड्ढों की भरमार है। सड़क पर सफर करना जानलेवा बना हुआ है। सड़क की नालियां भी बंद पड़ी हैं। लोगों के घरों से निकलने वाला गंदा पानी खुले में बह रहा है, जिससे सड़क पर चलना मुश्किल हो गया है। सड़क को काफी समय पहले पक्का किया गया था और अब सड़क से तारकोल जगह-जगह से उखड़ गया है। वाहन चालकों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। मेला राम, विनोद शर्मा, विकास गोस्वामी, कैलाश शर्मा, सुरेश शर्मा, सतपाल शर्मा, सुभाष शर्मा, जेआर सरस्वती और दलीप शर्मा समेत अन्य ग्रामीणों ने प्रशासन और लोक निर्माण विभाग से मांग की है कि सड़क में बंद पड़ी नालियों को तुरंत खोला जाए और सड़क को टारिंग कर सुधारा जाए। उधर, लोक निर्माण विभाग दलाश के कनिष्ठ अभियंता लाल चंद ने बताया कि जल्द बंद पड़ी निकासी नालियों को खोला जाएगा और सड़क को दुरुस्त कर दिया जाएगा।