रामपुर बुशहर। रामलीला आयोजन के लिए आवश्यक अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) प्राप्त करने के संबंध में मंगलवार को नगर परिषद रामपुर में बैठक आयोजित की गई। बैठक में नगर परिषद अध्यक्ष करन शर्मा सहित सभी पार्षद मौजूद रहे। बैठक में निर्णय लिया कि रामपुर में भव्य रामलीला का आयोजन होगा। रामलीला क्लब के सदस्यों ने आयोजन के लिए आवश्यक एनओसी और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर नगर परिषद के अधिकारियों के साथ चर्चा की। नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी बीआर नेगी ने रामलीला के सफल आयोजन के लिए नगर परिषद की ओर से हरसंभव सहयोग प्रदान करने का आश्वासन दिया। रामलीला क्लब के सदस्य ध्रुव शर्मा ने नगर परिषद अध्यक्ष, सभी पार्षदों और कार्यकारी अधिकारी का सहयोग एवं सकारात्मक आश्वासन देने के लिए आभार जताया। उन्होंने कहा कि सभी के सहयोग और प्रभु श्रीराम के आशीर्वाद से इस वर्ष भी रामलीला का भव्य एवं सफल आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर रामलीला क्लब के सदस्य ध्रुव शर्मा, राजेंद्र कौल, हितेश हनी, अभिनव गुप्ता, वंश मित्तल, आशीष शर्मा सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।