कहा-सरकार ने फैसले पर पुनर्विचार नहीं किया, तो कोर्ट जाएंगे
संवाद न्यूज एजेंसी
डंसा (रामपुर बुशहर)। प्रदेश सरकार की ओर से नई पंचायतों के गठन को स्वीकृति दिए जाने से ग्रामीणों में उत्साह देखने को मिल रहा है, वहीं डंसा से जगूणी को अलग पंचायत बनाने का प्रस्ताव खारिज होने से ग्रामीणों में रोष है। गांवों के लोगों ने सरकार और पंचायतीराज विभाग से आग्रह किया है कि जगूणी को अलग पंचायत की स्वीकृति प्रदान की जाए। ग्रामीणों ने चेताया है कि सरकार और पंचायती राज विभाग ने फैसले पर पुनर्विचार नहीं किया गया, तो वे कोर्ट जाने को मजबूर होंगे। रामपुर विकास खंड में बाहली पंचायत से पलजारा, नरैण पंचायत से ब्रांदली, शिंगला पंचायत से कलना, डंसा पंचायत से देवठी पंचायत को गठन करने का प्रस्ताव पारित किया था। मुनिश के कुछ गांव को अलग कर बरकल, किन्नू पंचायत से भगावट पंचायत को गठन करने का प्रस्ताव पारित किया था। प्रदेश सरकार ने पलजारा, नोगली और रंगोरी पंचायत के गठन को स्वीकृति प्रदान की है, जबकि डंसा से जगूणी पंचायत के गठन को स्वीकृत नहीं दी गई। वर्तमान में डंसा की कुल आबादी 3,300 के आसपास है। ऐसे में कठिन भौगोलिक परिस्थितियों को मद्देनजर रखते हुए जगूणी नई पंचायत का गठन होना जरूरी है। भौगोलिक दृष्टि से देखा जाए, तो डंसा पंचायत के वार्ड नंबर-7 का बतूना गांव पंचायत मुख्यालय से 35 किलोमीटर दूर स्थित है। ऐसे में उक्त गांव को नवगठित नोगली पंचायत में समायोजित किया जाना तर्कसंगत लगता है। पूर्व वार्ड पंच मोहन लाल का कहना है कि बतूना के ग्रामीणों को नोगली में समायोजित किया जाना चाहिए ताकि लोगों का समय बर्बाद न हो। ग्रामीणों के अनुसार, यदि जगूनी पंचायत बनती है तो इसमें समायोजित किए जाने वाले गांव कराली, रायाशरण, थाना, जगूणी, सनेई और शांदल की आबादी करीब 1800 होगी।