कुमारसैन (रामपुर बुशहर)। भाजपा प्रदेश प्रवक्ता संदीपनी भारद्वाज ने कांग्रेस सरकार पर शिक्षा के क्षेत्र में की गई घोषणाओं को पूरा नहीं करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने वर्ष 2023-24 के बजट में प्रदेश के सभी 68 विधानसभा क्षेत्रों में एक-एक राजीव गांधी डे-बोर्डिंग स्कूल खोलने की घोषणा की थी। इनमें 900 से 1000 विद्यार्थियों के लिए स्मार्ट कक्षाएं, खेल मैदान और इंडोर स्टेडियम जैसी आधुनिक सुविधाएं देने का वादा किया गया था, लेकिन करीब चार वर्ष बाद भी यह योजना पूरी नहीं हो पाई है। भारद्वाज ने कहा कि सरकार के आर्थिक सर्वेक्षण 2024-25 के अनुसार केवल पांच स्थानों पर निर्माण कार्य शुरू हुआ था, जबकि दिसंबर 2025 तक 42 स्थानों की पहचान की गई थी। सरकार ने अलग-अलग बजट में स्कूलों के निर्माण के लिए करोड़ों रुपये आवंटित करने की घोषणाएं भी कीं, लेकिन सभी 68 क्षेत्रों में स्कूल स्थापित नहीं हो पाए। उन्होंने कहा कि 16 नवंबर 2026 को सामने आई जानकारी के अनुसार सरकार अब नए भवन बनाने के बजाय मौजूदा सरकारी विद्यालयों को अपग्रेड करने की तैयारी कर रही है। ऊना जिले में पांच प्रस्तावित स्थानों में से चार बदल दिए गए हैं। उन्होंने सरकार से पूछा कि मूल योजना में बदलाव क्यों किया जा रहा है और कितने स्कूल बनकर तैयार हुए हैं। भारद्वाज ने मांग की कि सरकार डे-बोर्डिंग स्कूलों की वास्तविक स्थिति पर श्वेत पत्र जारी करे। उन्होंने कहा कि केवल घोषणाओं से शिक्षा व्यवस्था मजबूत नहीं होगी। ग्रामीण और दूरदराज क्षेत्रों के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध करवाना सरकार की जिम्मेदारी है। अंत में उन्होंने विद्यार्थियों को बधाई देते हुए शिक्षा के साथ खेलकूद और सांस्कृतिक गतिविधियों में भी भाग लेने का आह्वान किया।