रामपुर में विश्व एड्स दिवस पर जागरूकता रैली निकालते बुशहर बीएड कॉलेज के प्रशिक्षु। संवाद
. बुशहर बीएड कॉलेज के प्रधानाचार्य ने हरी झंडी दिखाकर रवाना की रैली
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। विश्व एड्स दिवस पर रामपुर में शिक्षण संस्थानों ने जागरूकता रैली निकाली और एड्स मुक्त समाज निर्माण का संदेश दिया। नोगली स्कूल में एड्स दिवस पर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। छात्र-छात्राओं को एड्स के बारे में जागरूक किया गया। बीएड संस्थान के प्रशिक्षुओं ने विश्व एड्स दिवस पर जागरूकता रैली निकाली। कॉलेज प्राचार्य डॉ. तिलक राज भारद्वाज, उप प्राचार्य डॉ. राजेंद्र नेगी और रेड रिबन क्लब की संयोजक प्रो. तपस्या शर्मा ने बीएसएनएल एक्सचेंज खोपड़ी से हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। प्रशिक्षु छात्र-छात्राओं ने रामपुर बाजार में पुरोहित मंदिर के साथ नुक्कड़ नाटक के माध्यम से लोगों को एड्स के प्रति जागरूकता का संदेश दिया, जिसमें लोगों को एचआईवी एड्स के बारे में सही जानकारी, रोकथाम, उपचार और देखभाल के बारे में जानकारी दी गई। संस्थान के अध्यक्ष पवन आनंद, कोषाध्यक्ष हितेंद्र गुप्ता और सचिव राजीव शर्मा ने कहा कि आंकड़ों से पता चलता है कि वर्ष 2024 में दुनिया भर में करीब चार करोड़ से अधिक लोग एचआईवी के साथ जी रहे थे। इस साल 13 लाख ने मामले भी सामने आए, जबकि 6.30 लाख लोगों की इस संक्रमण से मौत भी हो गई है।