परवाणू के साथ लगते नाले में अवैध रूप से मलबा फेंकने पर बोर्ड ने की कार्रवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
परवाणू (सोलन)। हिमाचल प्रदेश राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने परवाणू स्थित एक केमिकल उद्योग के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक लाख रुपये की पर्यावरणीय क्षतिपूर्ति जुर्माना लगाया है। यह कार्रवाई सेमटल नाले में अवैज्ञानिक व अवैध रूप से मलबा फेंकने की शिकायत के बाद की गई। नगर परिषद परवाणू ने इसकी शिकायत की गई थी। वहीं इसकी पुष्टि होने के बाद बाद मामला क्षेत्रीय कार्यालय, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड को भेजा गया। परवाणू प्रदूषण नियंत्रण विभाग के सहायक अभियंता ई. अनिल राय ने बताया कि बोर्ड की ओर से 26 फरवरी को संबंधित इकाई को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था, लेकिन निर्धारित समय के भीतर इकाई की ओर से कोई अनुपालन रिपोर्ट प्रस्तुत नहीं की गई। निर्देशों की अवहेलना और पर्यावरणीय नियमों के उल्लंघन को गंभीरता से लेते हुए बोर्ड ने उद्योग पर एक लाख की पर्यावरणीय क्षतिपूर्ति जुर्माना लगाया है। बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि पर्यावरण को नुकसान पहुंचाने वाली गतिविधियों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।