अधिक किराया देकर अपने गंतव्य पहुंच रहे लोग
बस सेवा ठप होने से स्कूली बच्चों को पेश आ रही परेशानी
संवाद न्यूज एजेंसी
दलाश (कुल्लू)। बैहणा-कंडागई सड़क पर कई महीनों से बस सेवा ठप है। इससे बैहणा गांव के ग्रामीणों को आने-जाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। बैहणा-कंडागई सड़क के पास बूहणी गांव में बरसात के दौरान डंगा गिर गया था, जिसे अभी तक दुरुस्त नहीं किया गया है। डंगा न लगने के कारण टोगी गांव से दलाश तक करीब चार किलोमीटर का सफर ग्रामीणों को पैदल तय करना पड़ रहा है। बस सेवा बंद होने के कारण ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इसका सबसे अधिक असर स्कूली विद्यार्थियों पर पड़ रहा है। कई विद्यार्थी पैदल स्कूल जाने को मजबूर हैं, जबकि कई निजी वाहनों में अधिक किराया देकर अपने गंतव्य तक पहुंच रहे हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि लोक निर्माण विभाग इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रहा है। ग्रामीण जयचंद, ओम प्रकाश, सुरेंद्र, कैलाश और जिया लाल ने कहा कि बरसात के दस महीने बाद भी लोक निर्माण विभाग ने डंगा नहीं लगाया है। बस सेवा न होने के कारण लोगों को काफी दिक्कतें पेश आ रही हैं। ग्रामीणों ने लोक निर्माण विभाग से मांग की है कि सड़क पर गिरे डंगे को जल्द लगाया जाए। लोक निर्माण विभाग दलाश के कनिष्ठ अभियंता लाल सिंह ने कहा कि जमीनी विवाद के कारण विभाग को यहां डंगा लगाने में दिक्कत आ रही है। विवाद को सुलझाने के लिए एसडीएम आनी को सूचित कर दिया गया है।