77 नए आवेदनों में से 30 मतदाताओं के नाम सूची में शामिल
संवाद न्यूज एजेंसी
ठियोग (रामपुर बुशहर)। नगर परिषद ठियोग के सात वार्डों में मतदाता सूची के पुनरीक्षण में 77 नए आवेदनों में से 30 नए मतदाताओं के नाम जोड़े गए हैं। पांच मतदाताओं ने अपने नामों में त्रुटि सुधार के लिए आवेदन किया था, जिन्हें स्वीकार कर लिया गया है। नगर परिषद क्षेत्र में पहले कुल 1806 मतदाता पंजीकृत थे, जिनमें 934 पुरुष और 872 महिला मतदाता शामिल थे। नए नाम जुड़ने के बाद अब कुल मतदाताओं की संख्या बढ़कर 1836 हो गई है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह सुनिश्चित किया जाएगा कि किसी भी मतदाता का नाम एक से अधिक निर्वाचन क्षेत्रों में दर्ज न हो और केवल पात्र व्यक्तियों को ही सूची में शामिल किया जाए। आगामी चुनावों को देखते हुए इस प्रक्रिया को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। पुनरीक्षण प्राधिकारी तहसीलदार वरुण गुलाटी ने बताया कि सातों वार्डों की पूर्व सूची में 1806 मतदाता थे, जिसमें 30 नए नाम जुड़ने के बाद कुल संख्या 1836 हो गई है। यदि किसी को इस सूची के संबंध में कोई आपत्ति या अपील करनी है, तो वह निर्वाचन पंजीयन अधिकारी एवं एसडीएम शशांक गुप्ता के समक्ष प्रस्तुत कर सकता है।