एनएसयूआई ने कॉलेज प्राचार्य को ज्ञापन सौंप कर समस्या दूर करने की उठाई मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर।
एनएसयूआई ने रामपुर कॉलेज में शौचालय और पेयजल टंकियों की सफाई करने की मांग उठाई है। इकाई ने कॉलेज प्राचार्य डॉ. पंकज बसोतिया को ज्ञापन सौंपा और शीघ्र समस्या का समाधान मांगा। एनएसयूआई के लक्ष्य ठाकुर ने कहा कि महाविद्यालय परिसर के शौचालयों की हालत दयनीय है। पेयजल टंकियों की भी सफाई नहीं की गई है। इसके कारण छात्रों के स्वास्थ्य एवं स्वच्छता पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। एनएसयूआई ने प्राचार्य से आग्रह किया कि कॉलेज के सभी शौचालयों एवं पानी की टंकियों की 24 घंटे की भीतर पूरी तरह से सफाई की जाए। साथ ही आवश्यक रखरखाव सुनिश्चित किया जाए ताकि विद्यार्थियों को स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण उपलब्ध हो सके। इकाई ने चेताया कि यदि निर्धारित समय अवधि के भीतर उचित कार्रवाई नहीं की गई, तो एनएसयूआई समस्याओं को सरकार के समक्ष उठाने के लिए बाध्य होगी और महाविद्यालय प्रशासन की लापरवाही के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की मांग करेगी, जिसकी जिम्मेदारी महाविद्यालय प्रशासन की होगी।