संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। सड़क हादसे में जान गंवाने वाले युवक की मां को 11,37,800 रुपये का मुआवजा मिलेगा। मोटर दुर्घटना दावा न्यायाधिकरण-IV शिमला ने बीमा कंपनी को मुआवजा देने का आदेश दिया है। मामले की याचिका ठियोग के धर्मपुर निवासी हितेंद्र सिंह की मां ने दाखिल की थी। याचिका के अनुसार 13 जनवरी 2019 को हितेंद्र सिंह बोलेरो कैंपर में रेत लाने लूहरी जा रहा था। जब वह बसंतपुर से किंगल मार्ग पर डोमेहर में पहुंचे, ताे चालक की लापरवाही और तेज गति के कारण वाहन अनियंत्रित होकर खाई में गिर गया। परिणामस्वरूप, हितेंद्र सिंह को चोटें आईं और मौके पर उसकी मृत्यु हो गई। यह भी बताया गया है कि मृतक एक दुकानदार था, जो हर महीने 50,000 रुपये कमाता था। उसके अच्छे भविष्य की संभावनाएं थीं। मामले में गाड़ी के चालक और गाड़ी का बीमा करने वाली कंपनी को प्रतिवादी बनाया गया। प्रतिवादी चालक और बीमा कंपनी ने विभिन्न तथ्यों के आधार पर याचिका को खारिज करने की अपील की। न्यायाधिकरण ने फैसल दिया है कि मुद्दों पर निष्कर्षों के परिणामस्वरूप याचिका स्वीकार की जाती है। याचिकाकर्ता 7.5 प्रतिशत ब्याज सहित 11,37,800 रुपये के मुआवजे की हकदार है।