फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Rampur Bushahar News: ठियोग कस्बे की दीवारों का चित्र दे रहे संदेश, स्वच्छता सभी की जिम्मेदारी

विज्ञापन
ठियोग कस्बे में पेंटिंग के जरिए स्वच्छता का दिया जा रहा संदेश। संवाद
विज्ञापन
नगर परिषद ने कस्बे को स्वच्छ, सुंदर और लोगों को जागरूक बनाने के उद्देश्य से की पहल
विज्ञापन

सुनील ग्रोवर

ठियोग (रामपुर बुशहर)। ठियोग नगर परिषद ने कस्बे को स्वच्छ, सुंदर और कस्बेवासियों को जागरूक बनाने के उद्देश्य से एक पहल की है। इस पहल के तहत कस्बे की दीवारों को आकर्षक चित्रों से सजाया जा रहा है। इस चित्रों के माध्यम से न केवल सौंदर्यीकरण किया जा रहा है, बल्कि आम जनता को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने का भी संदेश दिया जा रहा है। इन चित्रों के जरिये लोगों को संदेश दिया जा रहा है कि स्वच्छता सभी की जिम्मेदारी है। नगर परिषद की ओर से ठियोग के शाली बाजार, मुख्य सड़कों, गलियों और अन्य सार्वजनिक स्थानों की दीवारों पर रंगबिरंगे और संदेशपूर्ण चित्र बनाए जा रहे हैं। इन चित्रों में सूखा-गीला और अन्य कूड़े-कचरे को अलग-अलग रखने का संदेश दिया जा रहा है ताकि लोग कचरा प्रबंधन के प्रति गंभीर हों और अपने दैनिक जीवन में स्वच्छता के नियमों को अपनाएं। इसके अलावा कई चित्रों में लोगों को अपने कस्बे को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने के लिए संकल्प लेने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। यह पहल केवल दीवारों की सजावट तक सीमित नहीं है, बल्कि यह एक व्यापक सामाजिक जागरूकता अभियान का रूप ले चुकी है। चित्रों के माध्यम से बच्चों, युवाओं और बुजुर्गों तक एक समान संदेश पहुंचाया जा रहा है कि स्वच्छता केवल सरकार या नगर परिषद की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हर नागरिक का कर्तव्य है। इन आकर्षक चित्रों ने राहगीरों और स्थानीय लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है। लोग रुककर इन चित्र को देख रहे हैं। चित्रों के साथ तस्वीरें ले रहे हैं और सोशल मीडिया पर साझा कर रहे हैं। इससे न केवल कस्बे की सुंदरता में इजाफा हुआ है, बल्कि स्वच्छता के संदेश को भी व्यापक स्तर पर प्रसारित करने में मदद मिल रही है। स्थानीय व्यापारियों और नागरिकों ने भी इस पहल की सराहना की है। उनका कहना है कि इस तरह की रचनात्मक गतिविधियां न केवल कस्बे की छवि को बेहतर बनाती हैं, बल्कि लोगों में सकारात्मक बदलाव लाती हैं। खासतौर पर युवा वर्ग इस अभियान से जुड़कर इसे आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। ठियोग नगर परिषद इससे पहले भी स्वच्छता के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य कर चुकी है और पूरे प्रदेश में प्रथम स्थान हासिल कर चुकी है। यह उपलब्धि अपने आप में एक बड़ी सफलता है और अब इस नई पहल के जरिए उस स्तर को बनाए रखने और और ऊंचाइयों तक ले जाने का प्रयास किया जा रहा है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें