निरमंड उपमंडल के तहत निरमंड कस्बे का रेता मोड़ पर भूस्खलन से बंद मार्ग
ग्रामीणों ने प्रशासन और लोक निर्माण विभाग से शीघ्र मार्ग बहाल करने की उठाई मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
निरमंड (कुल्लू)।
निरमंड कस्बे का रेता मोड़ से निरमंड निचले बाजार का मुख्य मार्ग करीब डेढ़ सप्ताह से बंद है। इस मार्ग पर यातायात ठप होने से स्कूल-कॉलेज के विद्यार्थियों समेत लोगों को दिक्कतें झेलनी पड़ रही हैं। भूस्खलन के चलते सड़क पर कीचड़ और मलबा आ गया है। इस कारण यह मार्ग अवरुद्ध है। इससे डिग्री कॉलेज, सीनियर सेकेंडरी स्कूल, प्राथमिक स्कूल, स्प्रिंगडेल पब्लिक स्कूल और सरस्वती विद्या मंदिर में पढ़ने वाले छोटे बच्चों, छात्र-छात्राओं समेत कई पंचायतों के ग्रामीणों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। लोगों का कहना है कि समस्या को लेकर लोक निर्माण विभाग और प्रशासन को अवगत करवाया जा चुका है, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही है। हाल यह है कि छोटे बच्चों का स्कूल जाना ही बंद हो गया है और उनकी मजबूरन ऑनलाइन कक्षाएं लेनी पड़ी रही हैं। बड़े बच्चों के लिए फिलहाल स्कूल खोले गए हैं। स्थानीय लोगों और अभिभावकों ने प्रशासन और लोक निर्माण विभाग से शीघ्र सड़क को यातायात के लिए बहाल करने की मांग उठाई है ताकि और परेशानियों का सामना न करना पड़े। लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता राकेश नेगी ने कहा कि अभी सेब बहुल क्षेत्रों की सड़कों को ही खोला जाएगा। निरमंड कस्बे की रेता मोड़ से निरमंड के निचले बाजार सहित विभिन्न शिक्षण संस्थानों को जाने वाली सड़क को पांच दिन के बाद खोला जाएगा।