. मरीजों, स्कूली बच्चों, किसानों-बागवानों को झेलनी पड़ रही परेशानी
. सेब सीजन से पहले सड़क को दुरुस्त करने की उठाई मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर।
उपमंडल रामपुर की भड़ावली पंचायत में मशैली कैंची-कुमसू-करेरी सड़क पर गड्ढों की भरमार है। लंबे समय से सड़क की हालत बेहद खराब है। कई स्थानों पर टारिंग का नामोनिशान नहीं है। विद्यार्थी, मरीज और ग्रामीण खतरे में सफर करने को मजबूर हैं। छोटे वाहनों को भी नुकसान पहुंच रहा है। सड़क से नाल्टीनाल, मतरेवल, कुमसू, छलावट, कमलाऊ, मसारना, रसेंदली और करेरी गांव के ग्रामीण आवाजाही करते हैं, लेकिन लंबे समय से 12 किलोमीटर लंबी सड़क की हालत नहीं सुधर रही है। इस सड़क से मरीजों को बड़ी मुश्किल से अस्पताल पहुंचना पड़ रहा है। ग्रामीण बलबीर मेहता, दिनेश खमराल, उत्तम सिंह, हिम्मत सिंह, राकेश चौहान, फकीर ठाकुर, पृथ्वी राज, राजेश चौहान, प्रेम राज, अमित, राहुल, संजीव और वीरेंद्र ने कहा कि सड़क पर जगह-जगह गड्ढे पड़े हुए हैं। बरसात के बाद सड़क की हालत बदतर हो गई है। सफर करने में परेशानी पेश आ रही है। सबसे ज्यादा समस्याएं मरीजों, स्कूली बच्चों को पेश आ रही हैं। छोटे वाहनों को भी नुकसान पहुंच रहा है। उन्होंने सरकार, प्रशासन और लोक निर्माण विभाग से बरसात से पहले सड़क को सुधारने और टारिंग करने की मांग उठाई है। लोक निर्माण विभाग रामपुर के सहायक अभियंता बृज लाल ने कहा कि समय-समय पर सड़क को दुरुस्त किया जा रहा है। फिलहाल, सड़क की टारिंग नहीं की जाएगी। टारिंग के लिए विभाग प्रयासरत है।
मशेली कैंची-कुमसू-करेरी सड़क पर गड्ढों की भरमार। संवाद