मेले के पहले दिन स्कूली बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश कर बांधा समां
चार दिवसीय मेले में तीन सांस्कृतिक संध्याओं का भी होगा आयोजन
संवाद न्यूज एजेंसी
आनी (कुल्लू)।
एक शताब्दी से भी पुराने ऐतिहासिक एवं पारंपरिक जिला स्तरीय आनी मेले का शुक्रवार को देवताओं के आगमन के साथ शुभारंभ हुआ। 137 वर्ष पूर्व राजा हीरा सिंह ने इस पारंपरिक और ऐतिहासिक मेले का शुभारंभ किया था। शुक्रवार को क्षेत्र के प्रमुख आराध्य देवता शमशरी महादेव, पनेउई नाग, कुलक्षेत्र महादेव, देहुरी नाग और ब्यूंगली नाग देवता के आगमन के साथ चार दिवसीय मेले का शुभारंभ हुआ। देवताओं के आगमन के साथ ही आनी प्रशासन की ओर से दीप प्रज्वलित कर मेले का शुभारंभ किया गया। मेले के शुभारंभ से पूर्व प्रमुख देवता शमशरी महादेव समेत सभी देवी-देवताओं की भव्य शोभायात्रा आकर्षण का मुख्य केंद्र रही। देवी-देवताओं, कारकुनों और देवलुओं ने पारंपरिक वाद्ययंत्रों की ध्वनियों और लोक संस्कृति के साथ शोभायात्रा में भाग लिया। पूरा आनी क्षेत्र भक्तिमय और उत्सवी माहौल में रंगा नजर आया। मेला कमेटी के अध्यक्ष एवं खंड विकास अधिकारी विवेक टेसू ने बताया कि इस बार मेले का आयोजन प्रशासन की ओर से किया जा रहा है और मेले को सफल बनाने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। शुभारंभ पर एसडीएम लक्ष्मण सिंह कनेट ने मुख्य रूप से शिरकत की और क्षेत्रवासियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने लोगों से मेले के दौरान शांति और भाईचारे की भावना बनाए रखने की अपील की। कार्यक्रम के दौरान पीएमश्री वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला आनी, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला आनी, हिमालयन मॉडल स्कूल और एसडीए मिशन स्कूल के छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। बच्चों की ओर से प्रस्तुत किए गए लोकनृत्य, समूहगान और सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने खूब तालियां बटोरीं। मेला कमेटी की ओर से चार दिवसीय मेले के दौरान तीन सांस्कृतिक संध्याओं का आयोजन किया जाएगा, जिनमें स्थानीय एवं बाहरी कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे। इसके अतिरिक्त महिला मंडलों के विशेष कार्यक्रम और महिला रस्साकशी प्रतियोगिताएं भी आकर्षण का केंद्र रहेंगी। इस मौके पर तहसीलदार रत्नेश्वर शर्मा, नायब तहसीलदार मोती राम चौहान, पीआई जोगेंद्र शर्मा, प्रधानाचार्य जवाहर ठाकुर, कुंदन शर्मा, मनमोहन शर्मा, एसबीपीईओ विनोद कटोच, सचिव विशु भारती सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
आनी मेले के शुभारंभ अवसर शोभायात्रा में भाग लेते लोग। संवाद