बिथल में आयोजित स्वास्थ्य जांच शिविर में स्वास्थ्य जांच करती डॉक्टर। संवाद
द हंस फाउंडेशन ने लगाया शिविर, मरीजों को दी निशुल्क दवाएं
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। रामपुर और आसपास के क्षेत्रों में द हंस फाउंडेशन लोगों को निशुल्क स्वास्थ्य जांच और दवाएं मुहैया करवा रही है। विभिन्न ग्रामीणों क्षेत्रों जाकर फाउंडेशन की मोबाइल टीम लोगों की स्वास्थ्य जांच कर रही है, जिससे ग्रामीणों को घरद्वार पर ही स्वास्थ्य सुविधाएं मिल रही हैं। इसी कड़ी में द हंस फाउंडेशन रामपुर यूनिट चार की ओर से बिथल में स्वास्थ्य शिविर लगाया। शिविर में मौजूद लोगों को विभिन्न बीमारियों और उनके उपचार के बारे में जागरूक किया गया। डॉ. पलक बहल ने इस शिविर में लगभग 75 लोगों के स्वास्थ्य की जांच की और निशुल्क दवाइयां वितरित कीं। वहीं, करीब 160 लोगों के ब्लड टेस्ट भी किए गए। चौहान एसोसिएशन के चमन शर्मा ने संस्था का आभार प्रकट करते हुए इसी तरह के स्वास्थ्य शिविर भविष्य में भी आयोजित करने की अपील की। इस मौके पर द हंस फाउंडेशन के सामाजिक सुरक्षा अधिकारी साहिल, फार्मासिस्ट हरीश, लैब तकनीशियन राजेश कुमार, चालक आकाश दीप मौजूद रहे।