देवठी स्कूल में रिक्त पदों को भरने के लिए विधायक नंदलाल से मिला प्रतिनिधिमंडल। स्रोत : जागरूक प
. प्रतिनिधिमंडल ने विधायक नंदलाल को सौंपा ज्ञापन
. जर्जर स्कूल भवन की मरम्मत और स्टेज निर्माण की भी रखी मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर।
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय देवठी में शिक्षकों के पद रिक्त चल रहे हैं। लंबे समय से स्कूल में गैर शिक्षण कर्मचारियों के पद भी खाली पड़े हुए हैं। शिक्षकों के रिक्त पदों से स्कूल में बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। देवठी पंचायत के प्रतिनिधिमंडल ने विधायक नंदलाल को ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने विधायक के साथ स्कूल के विकास से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की। प्रतिनिधिमंडल में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय देवठी के एसएमसी अध्यक्ष नेक सिंह, गिफ्टी स्पोर्ट्स एसोसिएशन के संस्थापक एवं अध्यक्ष अरुण गिफ्टी, युवक मंडल कीम के अध्यक्ष विनोद मेहता, रिंकू शर्मा, मुकेश कायथ और सोनू मुखिया सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। उन्होंने स्कूल में शिक्षकों और गैर शिक्षण कर्मचारियों की कमी का मुद्दा उनके समक्ष रखा। प्रतिनिधिमंडल ने आवश्यक स्टाफ की शीघ्र नियुक्ति की मांग उठाई ताकि शैक्षणिक एवं प्रशासनिक कार्य सुचारू रूप से संचालित हो सके। इसके अलावा विद्यालय भवन की जर्जर स्थिति से अवगत कराते हुए भवन के आवश्यक रखरखाव एवं मरम्मत कार्य शीघ्र करवाने का भी आग्रह किया, जिससे विद्यार्थियों को सुरक्षित एवं बेहतर शिक्षण वातावरण उपलब्ध हो सके। प्रतिनिधिमंडल ने विद्यालय में प्रार्थना सभा, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और अन्य शैक्षणिक गतिविधियों के सफल आयोजन के लिए एक नए मंच (स्टेज) के निर्माण की भी मांग रखी। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि विधायक ने सभी मांगों को गंभीरता से सुना और आश्वासन दिया कि इन मांगों पर सकारात्मक विचार करते हुए आवश्यक कार्रवाई शीघ्र की जाएगी।