जर्जर स्कूल भवन की मरम्मत और स्टेज निर्माण की भी रखी मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर।
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल देवठी में शिक्षकों के पद रिक्त चल रहे हैं। लंबे समय से स्कूल में गैर शिक्षण कर्मचारियों के पद भी खाली पड़े हुए हैं। शिक्षकों के रिक्त पदों से विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। देवठी पंचायत और एसएमसी ने स्कूल से जुड़े इन सभी मुद्दों को उठाया है। हाल ही में पंचायत प्रतिनिधिमंडल ने स्थानीय विधायक को इस बारे में ज्ञापन भी सौंपा है। उन्होंने आवश्यक स्टाफ की शीघ्र नियुक्ति की मांग उठाई ताकि शैक्षणिक एवं प्रशासनिक कार्य सुचारू रूप से संचालित हो सके। इसके अलावा विद्यालय भवन की जर्जर स्थिति से अवगत कराते हुए भवन के आवश्यक रखरखाव और मरम्मत कार्य शीघ्र करवाने का भी आग्रह किया है, जिससे विद्यार्थियों को सुरक्षित और बेहतर शिक्षण वातावरण उपलब्ध हो सके। प्रतिनिधिमंडल ने विद्यालय में प्रार्थना सभा, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और अन्य शैक्षणिक गतिविधियों के सफल आयोजन के लिए एक नए मंच (स्टेज) के निर्माण की भी मांग रखी।