. गैस सिलिंडरों की आपूर्ति व्यवस्था को सुधार कर उपभोक्ताओं को दें राहत
. रामपुर में एलपीजी बुकिंग नियमों पर भी ध्रुव शर्मा ने बुलंद की आवाज
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। रामपुर में लंबे समय से एलपीजी के नए कनेक्शन नहीं मिल रहे हैं। इस कारण सैकड़ों लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। केंद्र सरकार शीघ्र एलपीजी कनेक्शन पर लगाई रोक को तुरंत हटाए। नगर परिषद रामपुर के पूर्व पार्षद ध्रुव शर्मा ने रामपुर शहर में एलपीजी गैस सिलिंडरों की बुकिंग के नियमों को लेकर भी सरकार और संबंधित गैस एजेंसियों के नियमों पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने नियमों में समानता सुनिश्चित करने की मांग उठाई है। शर्मा ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में एलपीजी सिलिंडर की अगली बुकिंग के बीच 45 दिन का अंतराल रखा गया है, जबकि शहरी क्षेत्रों में यह अवधि 25 दिन बताई जाती है। ऐसे में सवाल उठता है कि नगर परिषद क्षेत्र रामपुर के उपभोक्ताओं को किस श्रेणी में रखा जा रहा है। उन्होंने कहा कि रामपुर शहर के निवासी हाउस टैक्स समेत नगर परिषद के विभिन्न करों और शुल्कों का नियमित भुगतान करते हैं। जब कर वसूली और शहरी व्यवस्था के मामले में उन्हें शहर का निवासी माना जाता है, तो एलपीजी बुकिंग के नियमों में ग्रामीण क्षेत्र के समान व्यवस्था क्यों लागू की जा रही है। उन्होंने मांग की है कि रामपुर शहर के उपभोक्ताओं के लिए शहरी क्षेत्र वाला 25 दिन का नियम लागू किया जाए। ध्रुव शर्मा ने नए घरेलू एलपीजी कनेक्शन पर लगी रोक को लेकर भी सरकार से स्थिति स्पष्ट करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि पश्चिम एशिया में बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव और ऊर्जा संकट के चलते एलपीजी आपूर्ति प्रभावित होने की बात सामने आई है। इस कारण नए घरेलू गैस कनेक्शनों पर रोक लगाई गई है।